Delhi-Pune flight: शनिवार रात दिल्ली से पुणे जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट तकनीकी खराबी और घने कोहरे के कारण 12 घंटे की देरी से पहुंची। यात्रियों को करीब 7 घंटे विमान के अंदर ही बैठाकर रखा गया। इसके बाद, उन्हें सुबह बस में बिठाया और फिर उसी विमान में बैठाकर पुणे रवाना किया गया।
पुणे मौसम 5 जनवरी 2025: तापमान 17.15°C से 30.59°C के बीच
रात 9:40 बजे दिल्ली से उड़ान भरने वाली फ्लाइट(Delhi-Pune flight) में 200 यात्री सवार थे। तय समय पर विमान ने उड़ान नहीं भरी। जब यात्रियों ने क्रू मेंबर्स से सवाल किए, तो उन्हें घने कोहरे का हवाला दिया गया और जल्द उड़ान भरने का आश्वासन दिया गया। हालांकि, कई घंटे बीतने के बाद भी विमान ने उड़ान नहीं भरी।
सुबह 5:30 बजे यात्रियों को विमान से उतारकर बस में बैठाया गया। उन्हें बस से ही विमानतल के आसपास घुमाया गया और फिर एक नए टर्मिनल पर ले जाया गया। यहां सुरक्षा जांच के बाद, सुबह यात्रियों को फिर से उसी विमान में बैठाया गया। फ्लाइट ने रविवार सुबह 7:00 बजे उड़ान भरी और 10:00 बजे पुणे एयरपोर्ट पर पहुंची। यह यात्रा, जो सिर्फ 2 घंटे में पूरी होनी थी, 12 घंटे लंबी हो गई।