नागपुर: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 का मैदान इस बार नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट पर गर्म है, जहां उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का मुकाबला कांग्रेस के प्रफुल्ल गुदाधे पाटिल से है। इस सीट पर फडणवीस के वर्षों का राजनीतिक अनुभव और प्रभाव है, लेकिन प्रफुल्ल गुदाधे पाटिल के दावों और स्थानीय मुद्दों पर जनता की असंतोषजनक प्रतिक्रियाओं ने इस बार की लड़ाई को रोचक बना दिया है।
अब जान लेते हैं देवेंद्र फडणवीस के विकास कार्यों को-
फडणवीस ने नागपुर में सड़कें, मेट्रो और अन्य बुनियादी ढांचे में बड़े सुधार किए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को प्राथमिकता दी। उनकी “मिस्टर क्लीन” छवि और प्रशासनिक क्षमता ने उन्हें नागपुर में एक मजबूत जनाधार दिलाया है। हाल के वर्षों में उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की परियोजनाओं को नागपुर में लाने की कोशिश की है, जिनसे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक अवसर बढ़े हैं।
प्रफुल्ल गुदाधे पाटिल का जमीनी संपर्क और रणनीति को भी समझना चाहिए –
गुदाधे पाटिल, पांच बार के नगरसेवक और कांग्रेस के उम्मीदवार, क्षेत्र में अपनी जमीनी पकड़ को लेकर भरोसेमंद माने जाते हैं। वे फडणवीस पर आरोप लगाते हैं कि उन्होंने क्षेत्र में जनता से संपर्क खो दिया है। पाटिल का कहना है कि फडणवीस का मुख्य ध्यान सत्ता बनाए रखने पर है और जनता के स्थानीय मुद्दों जैसे जल आपूर्ति, बेरोजगारी और महंगाई को उन्होंने नजरअंदाज किया है। गुदाधे पाटिल ने इस चुनाव को “धनशक्ति” बनाम “जनशक्ति” का चुनाव बताते हुए कांग्रेस के लिए समर्थन मांगा है।
जनता का रुख और समीकरण पर भी एक नजर डाल लेते हैं –
हाल के लोकसभा चुनावों में भाजपा को नागपुर में वोटों में गिरावट का सामना करना पड़ा था, जिससे साफ है कि जनता का असंतोष उभरकर सामने आया है। वहीं, फडणवीस के समर्थक उनके अनुभव और भाजपा के मजबूत संगठन के कारण जीत के प्रति आश्वस्त हैं।
इस पर विशेषज्ञों की राय क्या हैं वो भी जान लेते हैं –
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि फडणवीस के पास राजनीतिक ताकत और विकास का अनुभव है, जो उनके पक्ष में जा सकता है। हालांकि, स्थानीय मुद्दों पर जनता की नाराजगी और गुदाधे पाटिल का जमीनी संपर्क उन्हें चुनौती दे सकता है।
इस तरह, नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट पर 23 नवंबर को आने वाले परिणामों पर सबकी नजर रहेगी और तब ही पता चलेगा कि जनता किसके पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त करती हैं .