महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक: महाराष्ट्र में इस बार मानसून ने तय समय से पहले ही दस्तक दे दी है। केरल की तरह ही दक्षिण-पश्चिम मानसून ने समय से पूर्व राज्य में प्रवेश किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में मानसून मुंबई तक पहुंचने की संभावना है। इसकी शुरुआत महाराष्ट्र के देवगढ़ तक पहुंचकर हो चुकी है, जो सामान्य समय से पहले की स्थिति है। (महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक)
व्हाट्सएप पर लेटेस्ट अपडेट चैनल को आज ही फॉलो करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb2Z6498F2pHMwM9YA1S
इस समय से पहले मानसून का आगमन राज्य के किसानों के लिए राहत की खबर है, क्योंकि इससे खरीफ सीजन की तैयारी को गति मिलेगी। वहीं, स्थानीय प्रशासन और नगरपालिकाओं के लिए यह भारी बारिश और संभावित जोखिमों को लेकर चुनौती भी बना हुआ है।
रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पुणे में ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पुणे, सतारा, कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका अर्थ है कि इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना है। रायगढ़ जिले के लिए यह ऑरेंज अलर्ट 25 और 26 मई तक वैध रहेगा, जबकि बाकी जिलों में अगले 5 दिनों तक यह अलर्ट प्रभावी रहेगा।
मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और महाराष्ट्र के अन्य कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। येलो अलर्ट का मतलब है कि नागरिकों और प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।
बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) के अनुसार, पिछले 24 घंटों (आज सुबह 8 बजे तक) में मुंबई में 37 मिमी बारिश दर्ज की गई है। स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को अलर्ट रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कोकण और पश्चिम महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने कोकण और पश्चिम महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मानसून पूर्व बारिश पहले ही शुरू हो चुकी है।
केरल में मानसून की दस्तक, 16 साल बाद टूटा रिकॉर्ड; 15 राज्यों में अलर्ट