Mumbai-Pune Expressway: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के पुणे लेन पर महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) द्वारा कुसेगांव के पास पुल निर्माण के लिए गार्डर लगाने का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 22 जनवरी से 24 जनवरी तक तीन दिनों तक रोजाना दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान पुणे जाने वाला यातायात पुरानी मुंबई-पुणे हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग 48) पर डायवर्ट किया जाएगा।
कुसेगांव के पास किलोमीटर मार्क 58/500 पर पुल का निर्माण कार्य जारी है। इस दौरान मुंबई से पुणे जाने वाले वाहनों को देहू रोड के जरिए डायवर्ट किया जाएगा। यह डायवर्जन किलोमीटर मार्क 54/700 वलवण से वर्सोली टोल नाका तक पुरानी हाईवे पर होगा। दोपहर 3 बजे के बाद मुंबई से पुणे जाने वाला यातायात फिर से एक्सप्रेसवे के पुणे लेन पर चालू कर दिया जाएगा। वहीं, पुणे से मुंबई जाने वाले वाहनों का यातायात पहले की तरह बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।