मुंबई : महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजों को आए 10 दिन हो गए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का नाम अभी तक तय नहीं हुआ है। महायुति (भाजपा, शिंदे गुट, और एनसीपी) के बीच सरकार गठन को लेकर उठा-पटक जारी है। इस बीच, मुख्यमंत्री पद के लिए चल रही बातचीत में एक नया मोड़ आया है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अचानक बीमार हो गए हैं और उनके गले में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्हें बुखार भी है, जिसके चलते उन्होंने अपनी सभी बैठकों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा, दिल्ली में होने वाली बैठक भी पेंडिंग है, जिससे मुख्यमंत्री पद पर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है।
यह स्थिति सरकार गठन को और जटिल बना रही है, और अब सभी की निगाहें दिल्ली में होने वाली बैठक पर हैं, जो जल्द ही इस मामले में कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है।