मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हाल ही में दिल्ली से लौटकर सीधे अपने पैतृक गांव दरे गए। इस दौरे को लेकर राज्य में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। गांव पहुंचने के बाद शिंदे ने मीडिया से बातचीत से बचते हुए सीधे अपने घर का रुख किया, जिससे उनकी नाराजगी या किसी बड़े फैसले की अटकलें लगाई जा रही थीं।
इस पर राज्य के मंत्री शंभूराज देसाई ने सफाई देते हुए कहा कि शिंदे जी स्वास्थ्य संबंधित समस्या के कारण आराम करने के लिए गांव गए हैं। यह निर्णय उनकी टीम ने लिया ताकि वे शांतिपूर्ण माहौल में अपनी ऊर्जा वापस पा सकें। देसाई ने यह भी स्पष्ट किया कि शिंदे महायुति के साथ मजबूती से खड़े हैं और किसी भी निर्णय में पूरी तरह भागीदारी करेंगे।
शंभूराज देसाई ने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि महायुति में किसी प्रकार का विवाद नहीं है। शिंदे जल्द ही मुंबई लौटेंगे और अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे। इसके अलावा, मंत्री ने बताया कि महायुति सरकार के गठन और मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी।